टाटा हॉकी अकादमी की ओर कदम बढ़ा रहा चंपावत का होनहार खिलाड़ी विक्की बोहरा

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। कहते हैं यदि मन में लगन हो तो कोई भी मुश्किल आपको नहीं रोक सकती। ऐसी ही लगन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ रहा है जनपद चम्पावत के टनकपुर का हॉकी खिलाड़ी विक्की बोहरा। टनकपुर के बोरागोठ में रहने वाले युवा हॉकी खिलाड़ी विक्की बोहरा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर हॉकी के क्षेत्र में पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उनका लक्ष्य प्रतिष्ठित टाटा हॉकी अकादमी तक पहुंचकर अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाना और भविष्य में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करना है।

हॉकी के प्रति बचपन से ही जुनून रखने वाले विक्की ने वर्ष 2023 में कोच विकास जोशी के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण शुरू किया। इसके बाद 18 अगस्त 2025 से उन्होंने नियमित रूप से प्रशिक्षण लेकर अपने खेल की बारीकियों को सीखना और कौशल को निखारना शुरू किया।

विक्की के खेल सफर को आगे बढ़ाने में कोच मनीषा जोशी का विशेष योगदान रहा है। विक्की बताते हैं कि मनीषा जोशी ने उन्हें हॉकी की तकनीक और खेल के गुर सिखाने के साथ-साथ हर मुश्किल दौर में हौसला दिया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विक्की के लिए वह केवल कोच ही नहीं, बल्कि एक रोल मॉडल और मार्गदर्शक भी हैं।

साधारण परिवार से आने वाले विक्की के पिता विनोद सिंह बोहरा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता विमला देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार अपने बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार उसका हौसला बढ़ा रहा है। परिवार के सहयोग और कोचों के मार्गदर्शन ने विक्की के आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।

विक्की की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उनके परिजनों और खेल प्रेमियों को उनसे काफी उम्मीदें हैं। टाटा हॉकी अकादमी तक पहुंचना उनके लिए सिर्फ एक मुकाम नहीं, बल्कि भारतीय हॉकी के बड़े मंच तक पहुंचने की पहली सीढ़ी है।

विक्की का सपना है कि वह आने वाले समय में भारतीय हॉकी टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करें और अपने परिवार, कोचों के साथ-साथ चंपावत और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। उनकी मेहनत और जज्बे को देखते हुए उम्मीद है कि यह युवा खिलाड़ी आने वाले वर्षों में हॉकी के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें