चम्पावत में जनगणना 2027 की स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

Advertisement

गूंज, चम्पावत। जनपद में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब नागरिक 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इस संबंध में सोमवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी एवं स्व-गणना के जिला नोडल अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया, जनजागरूकता अभियान तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भेजने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी के.एन. गोस्वामी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनगणना कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें। स्व-गणना की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से राज्य स्तर पर भेजी जाएगी।

जिला जनगणना समन्वयक भावेश कुमार धीमान ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूरा किया गया था। अब दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर उत्तराखंड राज्य और अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर सकते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कर घर का पता, परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, शिक्षा सहित मांगी गई अन्य जानकारियां दर्ज करनी होंगी। उन्होंने बताया कि सभी विवरणों की जांच करने के बाद ऑनलाइन फॉर्म जमा करना होगा। फॉर्म जमा होते ही स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। प्रगणक के घर पहुंचने पर परिवार को यह आईडी दिखानी होगी, जिसके माध्यम से ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाएगा।

जनपद में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। जिन परिवारों ने स्व-गणना के माध्यम से ऑनलाइन विवरण दर्ज नहीं किया होगा, उनका विवरण प्रगणक मौके पर ही दर्ज करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह एवं अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कर जनगणना कार्य में सहयोग करें।

बैठक में एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें