आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए 9-10 सितंबर को होंगे जिला स्तरीय चयन ट्रायल

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। खेल निदेशालय, उत्तराखंड, देहरादून के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के लिए आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में बालक एवं बालिकाओं के प्रवेश हेतु चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय चयन ट्रायल 9 एवं 10 सितंबर 2026 को प्रातः 9 बजे से स्व. श्री कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में आयोजित होंगे।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित उदीयमान बालक एवं बालिका खिलाड़ी 15 एवं 16 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक खेल में जिला क्रीड़ा अधिकारी की संस्तुति के आधार पर 5 से 10 होनहार खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए भेजा जाएगा।

जिला स्तरीय चयन ट्रायल में फुटबॉल (बालक/बालिका), बॉक्सिंग (बालक/बालिका), एथलेटिक्स (बालक/बालिका), बैडमिंटन (बालक), हॉकी (बालिका), वॉलीबॉल (बालक) एवं क्रिकेट (बालक) के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए निर्धारित पात्रता एवं शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। खिलाड़ी की आयु 1 जुलाई 2026 को 16 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही प्रतिभागी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण पत्र ट्रायल के समय प्रस्तुत करना होगा।

इच्छुक अभ्यर्थी जिला खेल कार्यालय, चम्पावत से निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र पर पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आयु एवं कक्षा का प्रमाण पत्र तथा मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को अपने संबंधित खेल की निर्धारित किट में ही उपस्थित होना होगा।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें