
गूंज, चम्पावत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के प्लान ऑफ एक्शन माह नवंबर 2026 के तहत सोमवार, (16 नवंबर) को होली ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री काजल रानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
शिविर में अधिकार मित्र अजय गुरुरानी, सोनी सिंह, सुनील कुमार एवं अनिल कुमार ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को सहिष्णुता के महत्व तथा विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान अजय गुरुरानी एवं सोनी सिंह ने सहिष्णुता का अर्थ समझाते हुए कहा कि समाज में सद्भावना, न्याय और समानता की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है। जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अमीर-गरीब के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को मिल-जुलकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। आपसी प्रेम, भाईचारे और सम्मान की भावना से ही समाज में खुशहाली और समृद्धि लाई जा सकती है। वहीं अनिल कुमार एवं सुनील कुमार ने छात्र-छात्राओं को ड्रग्स मुक्त उत्तराखंड अभियान के बारे में जानकारी देते हुए नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में भी जानकारी दी।
मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सद्भाव, प्रेम, सहनशीलता और क्षमा जैसे मानवीय गुणों को अपनाना जरूरी है। विद्यार्थियों को आपसी सम्मान और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में विश्वभर के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों और उनके शोध एवं आविष्कारों से मानव जीवन तथा वैश्विक विकास को मिली नई दिशा के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज सिंह ने शिविर में दी गई जानकारियों को विद्यार्थियों के जीवन में उपयोगी बताते हुए उन्हें इनसे सीख लेकर अपने भविष्य को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
More Stories
सौर रोशनी से जगमगाएगी टनकपुर की नायकगोठ ग्राम पंचायत, जिलाधिकारी की उपस्थिति में सोलर लाइट लगाने का कार्य हुआ शुरू
अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टनकपुर महाविद्यालय का दबदबा, पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा, हर्षवर्धन सिंह बोरा बने बेस्ट एथलीट ऑफ द टूर्नामेंट
राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में नशे के दुष्परिणामों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, तीन लघु फिल्मों के प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश