
गूंज, चम्पावत। चंपावत जिले की गड़कोट ग्राम सभा में युवाओं और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा उनमें पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से ‘सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय (भेंट घाट)’ का शुभारंभ किया गया। जिए पहाड़ समिति और Untold Stories of Kumaon की साझा पहल से स्थापित इस पुस्तकालय में स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों और सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुस्तकालय का शुभारंभ गांव के युवा जमुना गिरी महाराज ने रिबन काटकर किया। इसके बाद सप्तेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश चंद गड़कोटी और कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद इजरवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर पहल की शुरुआत की।
पुस्तकालय स्थापना का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में किताबों के प्रति रुचि बढ़ाना, शिक्षा को प्रोत्साहित करना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। पुस्तकालय को केवल अध्ययन तक सीमित न रखकर संवाद, विचारों के आदान-प्रदान और गांव के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा के साझा मंच के रूप में विकसित करने की योजना है।
जिए पहाड़ समिति के जिला समन्वयक अनिल चौधरी ‘पिंकी’ ने बताया कि पुस्तकालय के माध्यम से युवाओं को पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल बच्चों और युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा भविष्य में आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
पुस्तकालय की स्थापना में स्थानीय लोगों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डॉ. विनोद जोशी ने अपने पिता स्वर्गीय पंडित मोतीराम जोशी की स्मृति में पुस्तकालय के लिए सहयोग प्रदान किया। वहीं, सप्तेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट ने पुस्तकालय के लिए स्थान उपलब्ध कराया। गांव के युवाओं और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से यह पहल धरातल पर उतर सकी।
इस पहल के साथ Untold Stories of Kumaon कुमाऊं के गांवों की अनसुनी कहानियों, स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और लोगों के अनुभवों को सामने लाने का प्रयास भी कर रहा है। पुस्तकालय के माध्यम से युवाओं को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को समझने तथा स्थानीय ज्ञान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
More Stories
उत्तराखण्ड के लोगों पर अखिलेश यादव की टिप्पणी से भड़की भाजयुमो, विरोध प्रदर्शन कर फूंका अखिलेश यादव का पुतला
लंबित वेतन का भुगतान समेत अन्य मांगो को लेकर परिवहन मजदूर संघ ने भारी हुंकार, विशाल जुलूस निकाल अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कर्मी
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने बनबसा और टनकपुर में सुनीं कर्मचारियों की समस्याएं, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश, वेतन सीधे बैंक खातों में देने, भविष्य निधि जमा कराने और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर दिया जोर, मृतक आश्रित नियुक्ति व लंबित पदोन्नति के मामलों में तेजी लाने के निर्देश