लंबित वेतन का भुगतान समेत अन्य मांगो को लेकर परिवहन मजदूर संघ ने भारी हुंकार, विशाल जुलूस निकाल अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कर्मी

Advertisement

गूंज, चम्पावत। लंबित वेतन भुगतान समेत अन्य मांगो को लेकर उत्तराखण्ड परिवहन मजदूर संघ से जुड़े कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने टनकपुर नगर क्षेत्र में विशाल जुलूस निकालने के बाद निर्माणाधीन आईएसबीटी परिसर में धरना प्रारंभ कर दिया है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने तीन माह का लंबित वेतन तत्काल जारी करने, संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को नियमित करने तथा नियमितीकरण होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा अवैध वाहन संचालन पर रोक लगाने और उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 600 नई बसों की खरीद के लिए बजट आवंटित करने की मांग भी की गई।

कर्मचारियों ने कहा कि वेतन भुगतान में देरी और अन्य समस्याओं के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निगम के संचालन को बेहतर बनाने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।

संघ के प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव ने बताया कि संगठन दिसंबर 2025 से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका निस्तारण किया जाना चाहिए। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि मांगों के समाधान तक प्रतिदिन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

धरना स्थल पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी नेता गंगा गिरि गोस्वामी ने भी पहुंचकर कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों से अवगत कराया।

धरना-प्रदर्शन में देवेंद्र मिश्रा, ताराचंद जोशी, नरेंद्र कुमार पलड़िया, बालकृष्ण शर्मा, दीपक साह, गौरव गुप्ता, एलएम पांडेय, नवनीत, प्रेम दुम्का, बालमुकुंद सुयाल, पीसी जोशी, मनोहर सिंह, विवेकानंद महर, अनिल कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार, विजय कुमार, दीपक जोशी, विजय कपिल, नवीन नेगी, राकेश गुप्ता और कुलवीर सिंह समेत अनेक कर्मचारी शामिल रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें