अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस पर नन्दा कॉन्वेंट स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

Advertisement

गूंज, चम्पावत। अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के निर्देशानुसार तहसील विधिक सेवा समिति की ओर से नन्दा कॉन्वेंट स्कूल, टनकपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी रहीं, जबकि विद्यालय की व्यवस्थापिका सुश्री जानकी खर्कवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को गरीबी से उबरने के लिए शिक्षा, लगन और कठिन परिश्रम का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में वक्ता बिजेंद्र अग्रवाल, अजय गुरुरानी और शमशाद बानो ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि गरीबी से बाहर निकलने और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वरोजगार एवं लघु उद्योगों को अपनाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को सरकार की ओर से गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

इस दौरान अजय गुरुरानी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री और भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम के बल पर जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, स्वरोजगार और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि वे अपने जीवन को बेहतर बनाने के साथ ही समाज के विकास में भी योगदान दे सकें।

इस अवसर पर न्यायालय टनकपुर के कार्मिक गणेश, विकेश कुमार और मृदुला सहित अधिकार मित्रों एवं प्रो बोनो अधिकार मित्र ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में अजय गुरुरानी, किरन गहतोड़ी, बिजेंद्र अग्रवाल, राधिका अधिकारी, शमशाद बानो, सोनी सिंह, अनिल कुमार, सुनील कुमार, सुनीता टम्टा, अंजू बोहरा, कमला जोशी, अमित कुमार, दिग्विजय सिंह तड़ागी, प्रो बोनो अधिकार मित्र इजहार अली तथा टनकपुर क्षेत्र की अधिकार मित्र नीरू बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें