
गूंज, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के अंतर्गत ककरालीगेट-ठूलीगाड़-भैरव मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 11.43 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे पूर्णागिरि धाम और भैरव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही क्षेत्रीय निवासियों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत इस परियोजना के तहत राज्य मार्ग-108 के लगभग 18.875 किलोमीटर हिस्से का सुधारीकरण किया जाएगा। इसके लिए कुल 1143.15 लाख रुपये यानी करीब 11.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष के लिए 457.26 लाख रुपये यानी लगभग 4.57 करोड़ रुपये की पहली किश्त अवमुक्त कर दी गई है।
ककरालीगेट-ठूलीगाड़-भैरव मंदिर मोटर मार्ग धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से जिले का महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से मां पूर्णागिरि धाम और भैरव मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। मार्ग के सुधारीकरण से वाहनों की आवाजाही सुगम होने, यात्रा समय में कमी आने और सड़क सुरक्षा बेहतर होने की संभावना है। सड़क की स्थिति में सुधार से दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में भी मदद मिल सकती है। इसके अलावा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि ककरालीगेट-ठूलीगाड़-भैरव मंदिर मोटर मार्ग क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था और जनसुविधाओं के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने डामरीकरण सहित सभी आवश्यक तकनीकी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने पर जोर दिया, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।
More Stories
डायट लोहाघाट में ‘कौशलम’ प्रशिक्षण का अंतिम चरण शुरू, शिक्षकों को सिखाए 21वीं सदी के कौशल
एबीवीपी बनबसा ने आयोजित किया ‘उदय 2026’, लगभग 200 विद्यार्थियों ने की सहभागिता, नृत्य, अभिनय, रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; कोमल बनीं मिस फ्रेशर और मिलन सोनकर चुने गए मिस्टर फ्रेशर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की ऐतिहासिक धरोहरों का हो रहा पुनरुद्धार: चंपावत स्थित 800 साल पुराने राजबुंगा किले का 4.91 करोड़ रुपये से होगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण