
गूंज, चम्पावत। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान चम्पावत पुलिस की एसओजी टीम ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो-एन वाहन से 1 लाख 17 हजार रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद धनराशि नेपाल ले जाई जा रही थी। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए नकदी और वाहन को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान इमीग्रेशन कार्यालय के निकट सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन कार संख्या UP 32 PK 0100 को रोककर चेक किया गया।
वाहन को उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी साने आलम उर्फ टीटू चला रहा था। पुलिस के अनुसार, चालक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उससे पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। साथ ही, वह वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।
इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें चालक के कब्जे से कुल 1,17,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धनराशि नेपाल ले जाई जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बरामद नकदी और स्कॉर्पियो-एन वाहन को अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, साने आलम उर्फ टीटू के खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2014 में असमोली थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 307, 323 और 504 के तहत मामला दर्ज होने का उल्लेख है। वर्ष 2020 में संभल थाने में धारा 307, 302, 34 और 504 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2024 में असमोली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 351(2) और 352 के तहत भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
इस कार्रवाई में एसओजी टीम के हेड कांस्टेबल तपेन्द्र जोशी, कांस्टेबल ललित चौधरी और कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।
More Stories
डायट लोहाघाट में ‘कौशलम’ प्रशिक्षण का अंतिम चरण शुरू, शिक्षकों को सिखाए 21वीं सदी के कौशल
एबीवीपी बनबसा ने आयोजित किया ‘उदय 2026’, लगभग 200 विद्यार्थियों ने की सहभागिता, नृत्य, अभिनय, रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; कोमल बनीं मिस फ्रेशर और मिलन सोनकर चुने गए मिस्टर फ्रेशर
एनएचपीसी के खेल मैदान में धूमधाम से मनाया गया दुर्गा पूजा महोत्सव, रावण-मेघनाथ-कुंभकर्ण के पुतलों का हुआ दहन