टनकपुर में एनसीसी कैडेट्स ने चलाया टीबी मुक्त भारत अभियान, ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता पहुंचाने का लिया संकल्प

Advertisement

गूंज, चम्पावत। ठाकुर श्याम सिंह रावत जगत सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज, टनकपुर में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोशल मीडिया कैंपेन का आयोजन किया गया। 2 यूके (आई) कंपनी एनसीसी, चंपावत के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। अभियान का उद्देश्य टीबी (क्षय रोग) के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसके उन्मूलन के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सीनियर डिवीजन के प्रभारी कैप्टन एलडी तिवारी ने कैडेट्स को टीबी रोग के कारणों, लक्षणों, रोकथाम और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स को लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने और बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, जूनियर डिवीजन के प्रभारी फर्स्ट ऑफिसर एसएस राणा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सोशल मीडिया के माध्यम से टीबी से बचाव, जांच और उपचार संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।

इस अवसर पर बटालियन से पहुंचे हवलदार करण सोराई ने टीबी मुक्त भारत अभियान में एनसीसी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को जागरूकता अभियान में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जनहित के अभियानों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर कैप्टन एलडी तिवारी ने सभी कैडेट्स को अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैडेट्स सोशल मीडिया के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी टीबी के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज में इस बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़े और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग मिल सके।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें