कुमाऊँनी महिला क्लब ने धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को किया नमन

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। कुमाऊँनी महिला क्लब की ओर से शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम क्लब की मीडिया प्रभारी ऋचा भट्ट के विष्णुपुरी कॉलोनी स्थित निवास पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जानकी खर्कवाल रहीं, जबकि संचालन गीता प्रजापति ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जानकी खर्कवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान क्लब की महिला सदस्य गोपियों की वेशभूषा में सजकर पहुंचीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय होने के साथ ही वृंदावन की छटा से सराबोर नजर आया।

क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक उत्सव के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना, लोक संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखना तथा महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना रहा। इस अवसर पर महिलाओं ने श्रीकृष्ण के प्रेम, मित्रता, कर्म, सत्य एवं धर्म के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। पार्वती खर्कवाल ने नंदबाबा और शांति जोशी ने यशोदा मैया की भूमिका निभाई। नंदबाबा द्वारा बाल कान्हा को टोकरी में लेकर जाने तथा शेषनाग द्वारा कान्हा को अपने फन की छाया प्रदान करने की झांकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गोपियों ने सामूहिक रूप से कान्हा के जन्म का उत्सव मनाया, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर मंचन किया गया। ‘मटकी फोड़ दूँ…’ बाल लीला में निधि ने कान्हा और ऋचा भट्ट ने यशोदा मैया की भूमिका निभाकर शानदार प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में डॉ. प्रभा जोशी, डॉ. निर्मला ओली, अनीता नैथानी एवं लीला तिवारी ने एकल गायन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं रेनू चंद, हेमा जोशी, सुमन वर्मा, शांति जोशी, ज्योत्स्ना खर्कवाल एवं सीमा तिवारी ने एकल नृत्य प्रस्तुत किए।

ऐंजल ने राधा रानी और निधि ने कान्हा के रूप में राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा ‘वृंदावन रास रचे…’ तथा ‘श्याम चूड़ी बेचने आया…’ जैसे भजनों पर सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फूलों की होली रही। ‘फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी…’ भजन पर सभी महिला सदस्यों ने फूलों की होली खेलकर कार्यक्रम में भक्ति और उल्लास के रंग भर दिए।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ कार्यक्रम में शिक्षक दिवस भी श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा प्रदान करने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर राधा रानी एवं कान्हा जी की आरती की गई तथा भोग अर्पित किया गया। मुख्य अतिथि जानकी खर्कवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि क्लब की महिलाओं ने धार्मिक आस्था के साथ अपनी संस्कृति, कला एवं प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर नंदा धामी, आशा पुजारी, अक्षिता नैथानी, तनुजा जोशी, रेखा बिष्ट एवं रेखा जोशी सहित क्लब की अनेक महिला सदस्य मौजूद रहीं।

क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी संस्कृति एवं परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ महिलाओं में आपसी एकता, सहयोग और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम सफल एवं यादगार बना।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें