
गूंज, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले के बनबसा स्थित होटल शुमंगलम में आयोजित ‘युवा संवाद एवं सम्मान समारोह’ में युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने युवाओं के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास का मार्ग युवाओं की क्षमता, समर्पण और नए संकल्पों से ही प्रशस्त होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

युवा संवाद के दौरान छात्रा मिलन कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री से उनके जीवन सफर को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने अपनी शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से निर्वहन कर महान बनता है।
छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए टनकपुर में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए गए हैं। छात्र रोहित शर्मा के नशे के खिलाफ संदेश संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
छात्र सुमित सिंह नायक के यूसीसी, नकल विरोधी कानून और अवस्थापना विकास से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून के चलते भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है और अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
युवा आयोग से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है। यह आयोग युवाओं को मार्गदर्शन, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान छात्र अंकित भट्ट ने मुख्यमंत्री से पहाड़ी भाषा में संवाद किया, जिसका मुख्यमंत्री ने भी पहाड़ी भाषा में जवाब दिया।

‘निष्ठा और परिश्रम से साधारण व्यक्ति भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के बूथ स्तर से लेकर महाविद्यालयों और सड़कों तक कार्यकर्ता के रूप में किए गए संघर्ष और अनुशासन ने उनके सार्वजनिक जीवन को दिशा दी। उन्होंने कहा कि निष्ठा और परिश्रम के बल पर साधारण व्यक्ति भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने देश की युवा आबादी को 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर युवा शक्ति देश का परिदृश्य बदल सकती है।
मुख्यमंत्री ने अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को दोहराते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी सहित विभिन्न जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं के माध्यम से युवाओं के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

विभिन्न क्षेत्रों की युवा प्रतिभाएं सम्मानित
मुख्यमंत्री ने युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, समाज सेवा, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली बसटिया की कु. हिमानी विश्वकर्मा, अमेजॉन में 47 लाख रुपये का सालाना पैकेज प्राप्त करने वाली बिचई की श्वेता चंद तथा राष्ट्रीय पैरा आर्म रैसलिंग में स्वर्ण पदक विजेता टनकपुर के पवन गढ़कोटी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार विजेता बनबसा के संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवा करने वाले पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान के संचालक मनीष सिंह तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत अजंता विजय को भी सम्मान मिला।
बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया इंफ्लुएंसर तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना और पुलिस भर्ती की निःशुल्क ट्रेनिंग देने वाली बनबसा की अरुणिमा रावत को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, प्रभारी गुंजन सुखीजा, सह प्रभारी नितिन देउपा, विभिन्न दायित्वधारी, विधायक प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख, भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
समय रहते कराना होगा जन्म और मृत्यु का पंजीकरण, वरना उठानी पड़ेगी दिक्कत, 1 अक्टूबर से बदलेंगे पंजीकरण के नियम