टनकपुर से सितारगंज जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी, 945 टेट्रा पैक के साथ टनकपुर निवासी दो गिरफ्तार, Swift Dzire कार में 21 पेटियां लेकर जा रहे थे आरोपी, पुलिस ने कार भी की सीज

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, उधम सिंह नगर। टनकपुर क्षेत्र से सितारगंज की ओर ले जाई जा रही अवैध देशी शराब की खेप को सितारगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। पुलिस ने सिल्वर रंग की Swift Dzire कार से 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद करते हुए टनकपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, चीकाघाट चौराहे के पास चेकिंग के दौरान एक सिल्वर रंग की Swift Dzire कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने कार को मोड़कर रसईयापुर की ओर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोककर उसमें सवार दोनों लोगों को पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर तीन प्लास्टिक के कट्टों में 9 पेटियां तथा डिग्गी में तीन कट्टों में 12 पेटियां रखी मिलीं। कुल छह प्लास्टिक कट्टों में 21 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 200 एमएल के MALTA SPICED COUNTRY SPIRIT के टेट्रा पैक पाए गए। पुलिस ने कुल 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी स्याल पुत्र सुदेश स्याल (40 वर्ष), निवासी ग्राम बोहरागोठ, तहसील पूर्णागिरी, थाना टनकपुर, जनपद चम्पावत तथा तुषार पुत्र प्रेमपाल (22 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-04, गफूर बस्ती, तहसील पूर्णागिरी, थाना टनकपुर, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है।

पुलिस ने शराब के साथ छह प्लास्टिक कट्टे और Swift Dzire कार संख्या UK04Y5925 को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब की खेप को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। आखिर टनकपुर से निकली शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं, यह जांच का विषय है। माना जा रहा है कि पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब की सप्लाई के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा सकती है।

मामले में कोतवाली सितारगंज में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सरकड़ा दीपक तिवारी, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार तथा कांस्टेबल संदीप सजवान शामिल रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें