
गूंज, चम्पावत। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्द्धकुंभ मेले के प्रथम स्नान के अवसर पर जिले के वरिष्ठ नागरिकों को हरिद्वार तीर्थाटन कराने की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तराखंड सरकार ने 14 जनवरी 2027 को होने वाले प्रथम स्नान के लिए प्रदेश के प्रत्येक जनपद से वरिष्ठ नागरिकों का एक दल हरिद्वार भेजने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जनपद चंपावत से करीब 30 से 40 वरिष्ठ नागरिकों का दल हरिद्वार भेजा जाना प्रस्तावित है। इस पहल का उद्देश्य वृद्धजनों को अर्द्धकुंभ के पावन अवसर पर प्रथम स्नान का अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि यात्रा का आयोजन पर्यटन विभाग की ‘दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना’ के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने जिले के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि जो वृद्धजन हरिद्वार अर्द्धकुंभ में प्रथम स्नान के लिए यात्रा करना चाहते हैं, वे अपना आवेदन जिला पर्यटन कार्यालय, चंपावत में जमा कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थाटन पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
समय रहते कराना होगा जन्म और मृत्यु का पंजीकरण, वरना उठानी पड़ेगी दिक्कत, 1 अक्टूबर से बदलेंगे पंजीकरण के नियम