
गूंज, टनकपुर। श्यामलाताल झील एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से टनकपुर के युवाओं द्वारा बनाए गए संगठन “पावन” (Paryavaran awareness and volunteer action network) के बैनर तले चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का आज अंतिम चरण पूरा किया गया। संस्था की सोशल सर्विस पहल के अंतर्गत पिछले कई सप्ताह से लगातार श्यामलाताल झील और उसके आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जा रहा था।
अभियान के अंतिम चरण में रविवार को अमित कुमार सिंह, कुमुद जोशी, विनोद गड़कोटी, भावित भट्ट एवं शिवम भट्ट ने श्यामलाताल झील परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान झील एवं पर्यटन क्षेत्र में बिखरे प्लास्टिक, बोतल, पॉलीथिन तथा अन्य कचरे को एकत्र कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।
“पावन” के सदस्यों ने स्थानीय लोगों एवं श्यामलाताल पहुंचने वाले पर्यटकों से अपील की कि प्राकृतिक स्थलों की सुंदरता और पर्यावरण को बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और अपने साथ लाई गई वस्तुओं एवं अन्य कचरे को संभव हो तो अपने साथ वापस ले जाकर उचित स्थान पर रखे गए डस्टबिन में ही डालें।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने कहा कि श्यामलाताल केवल एक पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक और पर्यटक की भी जिम्मेदारी है।
इस दौरान “पावन” की ओर से इस स्वच्छता अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी स्थानीय लोगों, पर्यटकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि लोगों के सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया से ही पिछले कई सप्ताह से चलाए जा रहे इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का उत्साह मिला है।
“पावन” के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि आज श्यामलाताल में चलाए जा रहे सफाई अभियान का अंतिम चरण पूरा हुआ है, लेकिन स्वच्छता के प्रति जागरूकता का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। संस्था का उद्देश्य क्षेत्र के प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
समय रहते कराना होगा जन्म और मृत्यु का पंजीकरण, वरना उठानी पड़ेगी दिक्कत, 1 अक्टूबर से बदलेंगे पंजीकरण के नियम