सराहनीय पहल: टनकपुर के चंद्रशेखर पाण्डेय ने लिया अंगदान का संकल्प, आदि अद्वैत संस्थान ने शुरू किया अंगदान को लेकर जागरूकता अभियान

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, टनकपुर। समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इस महान मानवीय कार्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आदि अद्वैत संस्थान ने ‘एक दान, मानवता के नाम’ नामक एक नई जागरूकता मुहिम की शुरुआत की है।

इस अभियान की शुरुआत संस्था के सचिव चंद्रशेखर पाण्डेय ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर स्वयं अंगदान का संकल्प लेकर की। उनके इस प्रेरणादायी निर्णय की सराहना करते हुए आदि अद्वैत संस्थान ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

अंगदान के महत्व को रेखांकित करते हुए संस्था ने बताया कि एक अंगदाता अपनी मृत्यु के बाद अपने अंगों के दान के माध्यम से 8 लोगों तक का जीवन बचाने में योगदान दे सकता है। यही कारण है कि अंगदान को मानवता के सबसे महान कार्यों में से एक माना जाता है।

चंद्रशेखर पाण्डेय ने बताया कि संस्था का उद्देश्य लोगों को अंगदान की प्रक्रिया, इसके महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना है। इस मुहिम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि मृत्यु के बाद भी हमारा एक संकल्प किसी दूसरे व्यक्ति को जीवन की नई उम्मीद दे सकता है।

आदि अद्वैत संस्थान आने वाले समय में अंगदान को लेकर विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों, संवाद एवं जागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास करेगा।

संस्था ने आमजन से अपील की है कि वे अंगदान के महत्व को समझें, स्वयं जागरूक हों और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें