
गूंज, चम्पावत। भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) कार्यालय और भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता 2026 के उत्तराखंड राज्य स्तरीय परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय टनकपुर की छात्रा शिवांगी ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर श्रेणी में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शिवांगी वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में भूगोल विषय से एमए की पढ़ाई कर रही हैं। उनके शोध-आलेख का शीर्षक ‘Systemic Bottlenecks in Implementing the 74th Constitutional Amendment in Uttarakhand: A Political Economy Analysis of Urban Local Bodies’ है। इसमें उत्तराखंड में 74वें संविधान संशोधन के क्रियान्वयन में आने वाली व्यवस्थागत बाधाओं और शहरी स्थानीय निकायों की राजनीतिक अर्थव्यवस्था का विश्लेषण किया गया है।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर श्रेणी में शिवांगी के साथ पायल को भी संयुक्त प्रथम पुरस्कार मिला है। दोनों विजेताओं को 62,500-62,500 रुपये की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी। पायल उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रही हैं। उनका शोध प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) से संबंधित सीएजी की परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर सामाजिक क्षेत्र के व्यय के मूल्यांकन पर केंद्रित है।
इसी श्रेणी में तृतीय पुरस्कार आद्या त्रिपाठी को मिला है, जो टिहरी स्थित टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की छात्रा हैं। उन्हें 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उनका शोध उत्तराखंड में डिजिटल तकनीक और डेटा आधारित प्रशासन के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर केंद्रित है।
वहीं, डॉक्टोरल श्रेणी में सचिन सिंह चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वह श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पीएचडी कर रहे हैं। उनके शोध में उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटन विकास और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए शहरी एवं ग्रामीण स्थानीय निकायों की संस्थागत क्षमता के बीच संबंधों का विश्लेषण किया गया है। उन्हें 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को 28 नवंबर 2026 को देहरादून स्थित ऑडिट भवन, कौलागढ़ में आयोजित होने वाले ऑडिट दिवस-2026 समारोह के दौरान नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय टनकपुर की छात्रा शिवांगी की इस उपलब्धि से महाविद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शोध एवं अकादमिक प्रतिभा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
More Stories
त्रिशूल चौक के पास टावर पर चढ़ी महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, बेटे पर मुकदमा दर्ज होने के बाद टावर पर चढ़ी थी महिला, जानिए क्या है पूरा मामला
सैलानीगोठ में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, अंधेरा होते ही घरों में कैद होने को मजबूर, नई बस्ती के मंदिर परिसर में रात करीब साढ़े आठ बजे दिखाई दिया गुलदार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हलचल
107.35 करोड़ रुपये से संवर रहा शारदा घाट, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर होंगी सुविधाएं