
गूंज, देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर भ्रामक कैप्शन और झूठे दावों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करना अज्ञात लोगों को भारी पड़ सकता है। मामले में सांसद की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में देहरादून के राजपुर थाने में अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने राजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।
आरोप है कि इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ साझा किया जा रहा है। वीडियो के माध्यम से कथित तौर पर यह दावा किया जा रहा है कि सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुराने वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर धार्मिक परंपराओं और मंदिर में की गई पूजा-अर्चना को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। इससे सांसद की सामाजिक छवि एवं प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जांच की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट और वीडियो के डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो को प्रसारित करने वाले अकाउंट संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
More Stories
उत्तराखण्ड के एक विधायक ने जान का खतरा बताते हुए की सुरक्षा की माँग, राज्यपाल को लिखा पत्र, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टनकपुर महाविद्यालय का दबदबा, पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा, हर्षवर्धन सिंह बोरा बने बेस्ट एथलीट ऑफ द टूर्नामेंट
खाद संकट, स्मार्ट मीटर और भ्रष्टाचार को लेकर विधायक बेहड़ का सरकार पर तीखा हमला, बोले “किसान खाद के लिए भटक रहे, महंगाई और बढ़े बिजली बिलों ने गरीबों की बढ़ाई मुश्किलें”