कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल करने पर देहरादून के राजपुर थाने में अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ कार्रवाई, आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत

Advertisement

गूंज, देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर भ्रामक कैप्शन और झूठे दावों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करना अज्ञात लोगों को भारी पड़ सकता है। मामले में सांसद की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में देहरादून के राजपुर थाने में अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने राजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

आरोप है कि इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ साझा किया जा रहा है। वीडियो के माध्यम से कथित तौर पर यह दावा किया जा रहा है कि सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुराने वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर धार्मिक परंपराओं और मंदिर में की गई पूजा-अर्चना को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। इससे सांसद की सामाजिक छवि एवं प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जांच की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट और वीडियो के डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, वीडियो को प्रसारित करने वाले अकाउंट संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें