राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर विचार गोष्ठी का हुआ आयोजन, ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर पत्रकारों ने साझा किए विचार

Advertisement

गूंज, चंपावत। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय के सभागार में जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। भारतीय प्रेस परिषद की ओर से निर्धारित इस वर्ष की थीम ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ पर आयोजित गोष्ठी में जनपद के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने प्रतिभाग कर वर्तमान दौर की पत्रकारिता की चुनौतियों, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन गिरीश बिष्ट ने किया।

गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में समाचारों के तेजी से प्रसारण और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं गरिमा बनाए रखना बेहद जरूरी है। खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने की होड़ में तथ्यों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि निष्पक्षता, संतुलन और तथ्यपरकता के साथ जनहित के मुद्दों को समाज के सामने लाना होना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने के साथ ही जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करती है। ऐसे में पत्रकारों को अपने पेशेवर दायित्वों और नैतिक मूल्यों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय को आवश्यक बताते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की महत्वपूर्ण सूचनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की रचनात्मक भूमिका की सराहना की।गोष्ठी में जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर जोशी, दिनेश पांडे, राजीव मुरारी, हरीश पांडेय, बृजेश पांडे, जीवन बिष्ट सहित विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव रखे।

कार्यक्रम में अपर जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी, नवीन भट्ट, निकिता सहित सूचना विभाग के समस्त कार्मिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें