पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग

Advertisement

गूंज, चम्पावत। मां पूर्णागिरि क्षेत्र में निर्माणाधीन पूर्णागिरि रोपवे परियोजना के कार्यों को लेकर वन क्षेत्र में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। बाटनागाड़ की ओर से करीब 400 से 500 गाड़ी आरबीएम (रेत, बजरी एवं पत्थर मिश्रित सामग्री) मलबा लाकर वन क्षेत्र में डाले जाने तथा बेसकीमती साल के हरे पेड़ों के अवैध कटान करने के आरोप सामने आए हैं। टनकपुर के ग्राम उचौलीगोठ निवासी शिकायतकर्ता पंकज सिंह महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

03 नवंबर 2026 को भेजे गए शिकायत पत्र में पंकज महर ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन पूर्णागिरि रोपवे परियोजना के अंतर्गत बाटनागाड़ की ओर से लगभग 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा लाकर संबंधित क्षेत्र में डाला गया है। इससे बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र में भरान किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार यह कार्य प्रथम दृष्टया निर्धारित मानकों एवं वन नियमों के विपरीत प्रतीत होता है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसी क्षेत्र में बेसकीमती साल के हरे पेड़ों का कथित तौर पर अवैध कटान किया गया है। काली मंदिर के समीप निर्माणाधीन अपर स्टेशन के आसपास भी साल के हरे पेड़ों को धराशायी किए जाने का आरोप लगाया गया है। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने पेड़ों की लकड़ी मौके से हटाकर बेचे जाने की आशंका भी जताई है।

पत्र में कहा गया है कि यदि संबंधित कार्य सक्षम विभागीय अनुमति के बिना किए गए हैं तो यह वन नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इस तरह की गतिविधियों से बहुमूल्य वन संपदा को अपूरणीय क्षति पहुंचने के साथ ही प्राकृतिक पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी से मांग की है कि बाटनागाड़ से डाले गए आरबीएम की तत्काल स्थलीय जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि मलबा डालने एवं भरान के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही कथित रूप से काटे गए साल के पेड़ों की संख्या, कटान की अनुमति और लकड़ी के निस्तारण की भी जांच की जाए।

शिकायत में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्य वन संरक्षक, कुमाऊं वृत्त, नैनीताल को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

अब देखना होगा कि वन विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जांच में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की कितनी सच्चाई सामने आती है।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें