
गूंज, देहरादून। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े उत्पीड़न मामले में बड़ी खबर सामने आई है। उनके पति गिरधारी लाल साहू को उत्तराखंड पुलिस ने शनिवार सुबह झांसी से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरधारी लाल साहू पिछले कई दिनों से यहां छिपा था। गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड एसआईटी और पुलिस उसे लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई है। इस गिरफ्तारी को मामले में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। अब पुलिस गिरधारी लाल साहू से पूछताछ करेगी। जांच और पूछताछ के बाद नए तथ्य सामने आ सकते हैं। हालांकि, झांसी पुलिस का कहना है कि उनको गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े उत्पीड़न मामले में उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को अदालत से राहत नहीं मिली थी। देहरादून की पंचम अपर सत्र न्यायाधीश एवं एससी-एसटी एक्ट की विशेष न्यायाधीश अंजलि बेंजवाल की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने माना कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों से प्रथमदृष्टया अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध बनता दिखाई देता है। ऐसे में अधिनियम की धारा 18 और 18ए के तहत अग्रिम जमानत पर प्रतिबंध लागू होता है।
गिरधारी लाल साहू ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए अग्रिम जमानत मांगी थी। उन्होंने पत्नी के मंत्री पद के प्रभाव से गिरफ्तारी का भय जताया था। वह खुद अदालत में पेश नहीं हुए और पैरोकार के माध्यम से अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिका खारिज कर दी। इसके बाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था।
गौरतलब है कि रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में उन्होंने उत्पीड़न और जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए। प्राथमिकी में यह भी आरोप है कि गिरधारी लाल साहू ने उनके आवास पर स्टाफ के सामने जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायत में कथित घटना का समय वर्ष 2004 बताया गया है।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी: उत्तराखंड में 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले जल्द