निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल के पास खड़ी मैक्स टैक्सी आग से जलकर क्षतिग्रस्त, आधी रात को मची अफरा-तफरी

Advertisement

गूंज, चम्पावत। टनकपुर के वार्ड नंबर तीन में निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल के समीप शनिवार देर रात खड़ी एक मैक्स टैक्सी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया और धू-धू कर जलने लगा। घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब 12 बजे मैक्स टैक्सी संख्या UK05TA-0030 टैक्सी चालक लोकेश प्रजापति के आवास के सामने खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों से वाहन में आग लग गई। वाहन से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी और स्वयं भी आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में देर शाम और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि देर शाम के बाद आसपास का इलाका कथित तौर पर नशा करने वालों की गतिविधियों का केंद्र बन जाता है। ऐसे में कुछ लोगों ने वाहन में जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका भी जताई है। हालांकि, घटना के पीछे किसी की शरारत या साजिश है अथवा आग किसी अन्य कारण से लगी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

वाहन स्वामी देवेंद्र यादव ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करेगी। जांच में यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें