राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन

Advertisement

गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में प्राचार्या डॉ. अनुपमा तिवारी के निर्देशन में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार उन्मूलन, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों के प्रति समाज और युवाओं में जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्या डॉ. अनुपमा तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार समाज और राष्ट्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। एक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं (साहित्यिक ग्रुप) द्वारा “परीक्षा में नकल” शीर्षक पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी, ईमानदारी और एक जागरूक नागरिक बनने का सशक्त संदेश दिया। इसके साथ ही, बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा अंजलि द्वारा समाज में फैले भ्रष्टाचार पर एक सुंदर व विचारोत्तेजक गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति नोडल अधिकारी द्वारा 50 छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशा एवं डॉ. स्वाति पंत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दोनों ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सदैव सजग व तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें