
गूंज, पौड़ी। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार के रसायन विज्ञान विभाग एवं अनुसंधान और विकास प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ. देवकी नन्दन को उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतीकरण के लिए सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय “इमर्जिंग ट्रेंड्स इन केमिस्ट्री, बायोपॉलिमर एंड सस्टेनेबल मटीरियल्स” रहा। इसमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से पहुंचे शोधार्थियों ने रसायन विज्ञान, ग्रीन बायोपॉलिमर एवं सस्टेनेबल मटीरियल्स से जुड़े नवीन शोध एवं प्रयोगों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
डॉ. देवकी नन्दन ने “ब्रोंस्टेड एसिडिक मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स फॉर हेट्रोजेनियस कैटालिसिस” विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनके शोध कार्य और प्रभावी प्रस्तुतीकरण को विशेषज्ञों एवं निर्णायक मंडल द्वारा सराहा गया तथा उन्हें उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. नन्दन का शोध कार्य कैटालिसिस के क्षेत्र में विभिन्न कार्बनिक एवं अकार्बनिक रूपांतरणों पर केंद्रित है। उनके 20 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं, जबकि उनके नाम दो पेटेंट भी प्रकाशित हैं।
शोध एवं अध्यापन के साथ-साथ डॉ. नन्दन डिजिटल माध्यम से भी विद्यार्थियों तक रसायन विज्ञान की शिक्षा पहुंचा रहे हैं। वे यूट्यूब चैनल “गहतोड़ी अकादमी” के माध्यम से रसायन विज्ञान के विभिन्न विषयों पर वीडियो लेक्चर उपलब्ध कराते हैं। अब तक उनके 300 से अधिक वीडियो लेक्चर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं।
डॉ. नन्दन को इससे पूर्व 7वां टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड-2024, I2OR राष्ट्रीय अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2024 एवं देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार-2025 सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी इस उपलब्धि पर भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल की प्राचार्य प्रो. लवनी रानी राजवंशी, महाविद्यालय आंतरिक गुणवत्ता विनिश्चयन प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. विनय देवलाल एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. देवकी नन्दन को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
More Stories
आषाढ़ी मेले की बग्वाल में केवल अधिकृत लोग ही लें भाग, बाराही शक्तिपीठ न्यास के अध्यक्ष ने बाहरी लोगों से परंपराओं में हस्तक्षेप न करने की अपील
मुख्यमंत्री धामी द्वारा युवा आयोग के गठन के ऐलान का भाजयुमो ने किया स्वागत, आयोग गठन को लेकर मुख्यमंत्री का जताया आभार
एमटेक का सपना छोड़ा, कानून को बनाया मिशन; गरीबों और बेसहारों की आवाज बनीं स्मृति जोशी