
गूंज, चम्पावत। प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में 29 सितंबर को छात्र चुनाव हेतु मतदान होना है। इसी क्रम में मंगलवार (29 सितंबर) को जनपद चंपावत के भी सभी महाविद्यालयों में मतदान की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। मतदान प्रक्रिया से पूर्व ही जनपद चम्पावत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां बनबसा महाविद्यालय में एबीवीपी ने अध्यक्ष सहित पांच पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है। नामांकन प्रक्रिया में पांच पदों पर केवल एक – एक नामांकन जमा होने और वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद पांच पदों पर निर्विरोह निर्वाचन तय हो गया है।
राजकीय महाविद्यालय बनबसा में अध्यक्ष पद पर अनुष्का सोनकर, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर रितेश बहादुर थापा, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर खुशी वर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर प्रतिभा दत्त तथा सचिव पद पर मिली सागर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
विजयी छात्र-छात्राओं के सम्मान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से सोमवार को बनबसा में देवभूमि बीएड कॉलेज में एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन एबीवीपी बनबसा के नगर मंत्री चिराग सिंह बिष्ट ‘‘चंदन’’ द्वारा किया गया। इस दौरान छात्रों द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रति किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया तथा संगठन के नारों के बीच सभी विजयी छात्र-छात्राओं का जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि दीपक राजवार जी ने सभी विजयी छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सद्भाव प्रमुख कैलाश थपलियाल, जिला बाल प्रमुख ललित कलौनी, बनबसा सह नगर कार्यवाह सुशील वर्मा, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री ललित कुंवर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री जतिन देउपा, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार कश्यप, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप सहित विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के दायित्ववान कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एकत्रीकरण एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम के उपरांत नगर मंत्री चिराग बिष्ट के नेतृत्व में बनबसा नगर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। विजय जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के नारों से पूरा नगर गूंज उठा और विजयी छात्र-छात्राओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने छात्रसंघ चुनाव में मिली जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी विजयी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें छात्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
More Stories
उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे ड्राई पोर्ट सहित चार लेन सड़क का किया निरीक्षण
श्रीमद्भागवत कथा में सुनाया गया कृष्ण जन्म का प्रसंग, जमकर झूमे श्रद्धालु
उत्तराखण्ड से राज्यसभा सांसद के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया प्रत्याशी