
गूंज, चम्पावत। मंगलवार को उत्तराखंड प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न हुई और मतदान के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम भी जारी किए गया। पूरे प्रदेश में हुए छात्र संघ चुनावों के क्रम में जनपद चम्पावत के राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में भी छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। दोपहर एक बजे तक हुए मतदान के बाद दोपहर दो बजे बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई।
परन्तु जैसे ही मतगणना की प्रक्रिया सम्पन्न हुई एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बवाल काटना शुरू कर दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और महाविद्यालय पर मिलीभगत कर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया और दोबारा मतगणना कराने के साथ ही मतदान के समय की सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने की मांग की। इस दौरान महाविद्यालय में अफरा – तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच एबीवीपी कार्यकर्ता सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने की मांग करते हुए महाविद्यालय में ही धरने पर बैठ गए और महाविद्यालय के प्राध्यापकों व अन्य स्टाफ को महाविद्यालय से बाहर जाने से रोक दिया। भारी बवाल के बीच देर रात तक महाविद्यालय द्वारा चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया जा सका, वही देर रात को महाविद्यालय द्वारा जब चुनाव परिणाम को नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाने का प्रयास किया गया तो एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने की मांग करते रहे। इसी बीच महाविद्यालय ने चुनाव परिणाम घोषित कर सूची जारी कर दी
जारी सूची के अनुसार अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ध्यान सिंह ने 15 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है, वहीं उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के संदीप सिंह, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की रितिका, सचिव पद पर एनएसयूआई सुशील जोशी, संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की रिया आर्या, कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की नीतू बिष्ट ने जीत हासिल की है, वहीं विश्विद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की बबीता ने जीत दर्ज की है।


More Stories
उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे ड्राई पोर्ट सहित चार लेन सड़क का किया निरीक्षण
श्रीमद्भागवत कथा में सुनाया गया कृष्ण जन्म का प्रसंग, जमकर झूमे श्रद्धालु
उत्तराखण्ड से राज्यसभा सांसद के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया प्रत्याशी