सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चम्पावत परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, परिसर चंपावत स्थित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र में मंगलवार को प्रचार-प्रसार एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुँचाने तथा अध्ययन केंद्र से जुड़े विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर के प्रभारी निदेशक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. भवान सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर पी. डी. पंत, वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. एस. एन. ओझा तथा भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. विशाल शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन केंद्र समन्वयक डॉ. रवि शंकर जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्ययन केंद्र की सह-समन्वयक डॉ. अंकिता भट्ट सहित परिसर के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र समन्वयक डॉ. रवि शंकर जोशी द्वारा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से परिसर में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रोफेसर पंत द्वारा पाठ्यक्रमों की प्रकृति, प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली एवं उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं उच्च शिक्षा से संबंधित अनेक जिज्ञासाएँ एवं प्रश्न रखे गए, जिनका डॉ. पंत द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का निराकरण किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, प्रमाणपत्र एवं अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के संबंध में भी जानकारी दी गई। परिसर के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी जिज्ञासाएँ विशेषज्ञों के समक्ष रखीं। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं कैरियर की दृष्टि से उपयुक्त पाठ्यक्रमों के चयन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी निदेशक डॉ. भवान सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निरंतर अध्ययन एवं कौशल विकास के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्ययन केंद्र की ओर से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री वितरित की गई। पुस्तकें प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में परिसर के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। विद्यार्थियों ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों, अध्ययन सुविधाओं एवं उच्च शिक्षा के अवसरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपनी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

अंत में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, अध्ययन केंद्र के पदाधिकारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं उच्च शिक्षा के नए अवसरों से परिचित कराने वाला बताया गया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें