एबीवीपी बनबसा ने आयोजित किया ‘उदय 2026’, लगभग 200 विद्यार्थियों ने की सहभागिता, नृत्य, अभिनय, रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; कोमल बनीं मिस फ्रेशर और मिलन सोनकर चुने गए मिस्टर फ्रेशर

Advertisement

गूंज, चम्पावत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बनबसा की ओर से विद्यार्थियों के स्वागत, आपसी परिचय और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फ्रेशर कार्यक्रम ‘उदय 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधायक प्रतिनिधि दीपक राजवार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत सद्भावना प्रमुख कैलाश थपलियाल उपस्थित रहे। वहीं, अतिथि के रूप में भारतीय जनता युवा मोर्चा के बनबसा मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार कश्यप, पूर्व नगर मंत्री अभाविप खुशी चंद तथा भाजयुमो सोशल मीडिया संयोजक राहुल कश्यप ने सहभागिता की।

दीपक रजवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए नृत्य, अभिनय, रैंप वॉक, सांस्कृतिक नृत्य सहित विभिन्न मनोरंजक एवं प्रतिभा-आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला, आत्मविश्वास तथा रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर का चयन रहा। विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों के आधार पर कोमल को मिस फ्रेशर तथा मिलन सोनकर को मिस्टर फ्रेशर चुना गया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में देवभूमि कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. दिशा थपलियाल तथा सीमांत पब्लिक स्कूल की प्राचार्य सोनी गहतोड़ी शामिल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मिस फ्रेशर चुनी गईं कोमल को डॉ. दिशा थपलियाल एवं सोनी गहतोड़ी ने स्मृति चिह्न प्रदान किया तथा उनके सिर पर ताज पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, मिस्टर फ्रेशर चुने गए मिलन सोनकर को मनोज कुमार कश्यप ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विजेताओं के सम्मान के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।

‘उदय 2026’ का आयोजन एबीवीपी बनबसा द्वारा किया गया जिसका सफल संचालन नगर मंत्री चंदन सिंह बिष्ट ने किया।

इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय बनबसा के छात्रसंघ अध्यक्ष अनुष्का सोनकर, छात्रा उपाध्यक्ष खुशी वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रतिभा दत्त, सचिव मिली सागर व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि रितेश थापा ने सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ताओं सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी शामिल रहें।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें