
गूंज, टनकपुर। पीएम श्री ठाकुर श्याम सिंह रावत-जगत सिंह रावत राधे हरि राजकीय इंटर कॉलेज टनकपुर में गुरुवार को एनसीसी सीनियर डिवीजन एवं जूनियर डिवीजन के कैडेट्स द्वारा एनसीसी बटालियन के निर्देशानुसार ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘टीबी मुक्त भारत’ जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीश चंद्र पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन के कैडेट्स के साथ कैप्टन एल.डी. तिवारी, एनएसएस प्रभारी श्री भुवन शंकर पांडे, एनएसएस स्वयंसेवी, श्री प्रेम सागर एवं श्री चंद्र प्रकाश जोशी उपस्थित रहे। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली के पश्चात एनसीसी कैडेट्स उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचे, जहां उन्हें ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। चिकित्सालय के चिकित्सकों एवं संबंधित स्टाफ ने कैडेट्स को टीबी के लक्षण, बचाव, रोकथाम एवं उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी ने कैडेट्स को सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने टीबी समेत विभिन्न बीमारियों के कारणों, उनसे बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस अवसर पर एनसीसी सीनियर डिवीजन प्रभारी कैप्टन एल.डी. तिवारी ने उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, स्टाफ एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. घनश्याम तिवारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
More Stories
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अध्यापकों को दिया गया प्रशिक्षण