
गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। चुनाव अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि अध्यक्ष समेत छात्रसंघ के सात पदों के लिए कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला महाविद्यालय के 1172 मतदाता करेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान सांस्कृतिक सचिव पद के प्रत्याशी आशीष कुमार आर्य का नामांकन निरस्त कर दिया गया। चुनाव अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार के अनुसार सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी से संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका नामांकन पत्र वैध नहीं पाया गया।
डॉ आशुतोष कुमार ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को महाविद्यालय में आम सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू होगी।
मतगणना पूरी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद ये प्रत्याशी मैदान में
अध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई से ध्यान सिंह और एबीवीपी से सुमित नायक
उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी से रोहन गड़कोटी, निर्दलीय साहिल मेहर और एनएसयूआई संदीप सिंह
छात्रा उपाध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी से कंगना गुप्ता और एनएसयूआई से रितिका
सचिव पद पर एनएसयूआई से सुशील जोशी और एबीवीपी से वंश शर्मा
संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी से रिया आर्या एनएसयूआई से लक्षिता जोशी
कोषाध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी से नीतू बिष्ट और एनएसयूआई से मुस्कान
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई से बबीता और एबीवीपी से निर्मला महाराना
More Stories
उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे ड्राई पोर्ट सहित चार लेन सड़क का किया निरीक्षण
श्रीमद्भागवत कथा में सुनाया गया कृष्ण जन्म का प्रसंग, जमकर झूमे श्रद्धालु
उत्तराखण्ड से राज्यसभा सांसद के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया प्रत्याशी