
गूंज, चम्पावत। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टनकपुर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को 12.30 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत चम्पावत पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर 17 अगस्त को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत के निर्देशन में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान लेखराज राइस मिल की खाली भूमि के पास संदिग्ध अवस्था में मिले राशिद को पुलिस ने हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.30 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान राशिद (33) पुत्र स्व. शेर मोहम्मद, निवासी वार्ड नंबर-4, गफूर बस्ती, टनकपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी तथा एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पूर्व में सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत दर्ज मुकदमा भी शामिल है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप पिलख्वाल, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और हेड कांस्टेबल रियाज अख्तर शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थों की तस्करी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना के लिए आपातकालीन नंबर 112 तथा ANTF हेल्पलाइन 1933 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
More Stories
आषाढ़ी मेले की बग्वाल में केवल अधिकृत लोग ही लें भाग, बाराही शक्तिपीठ न्यास के अध्यक्ष ने बाहरी लोगों से परंपराओं में हस्तक्षेप न करने की अपील
मुख्यमंत्री धामी द्वारा युवा आयोग के गठन के ऐलान का भाजयुमो ने किया स्वागत, आयोग गठन को लेकर मुख्यमंत्री का जताया आभार
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चम्पावत परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन