
गूंज, टनकपुर। कुमाऊँनी महिला क्लब की ओर से रविवार को क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा की अध्यक्षता में होटल सॉलिटेयर में सावन विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन गीता प्रजापति ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जानकी खर्कवाल तथा विशिष्ट अतिथि बीना किशोरी रहीं।
सावन की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में क्लब की महिलाएं हरे परिधानों में शामिल हुईं और उन्होंने सावन की खुशियों के साथ कुमाऊँनी संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अनीता नैथानी की मधुर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। क्लब की महिलाओं ने मां गौरा एवं भगवान भोलेनाथ की प्रार्थना प्रस्तुत की, जिसके साथ शिव-पार्वती की मनमोहक झांकी भी निकाली गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सावन क्वीन सहित कई प्रतियोगिताओं में क्लब की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सावन क्वीन का ताज कुसुम जोशी ने अपने नाम किया।
कार्यक्रम की विशेष पहल के रूप में क्लब की ओर से तनुजा जोशी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया। इस दौरान उनकी पुस्तक ‘अनुग्रह’ का अनावरण कुमाऊँनी महिला क्लब के माध्यम से किया गया।
क्लब का उद्देश्य नई प्रतिभाओं, विशेषकर बच्चों और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत तनुजा जोशी की पुस्तक के अनावरण का अवसर प्रदान किया गया।
क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा कि कुमाऊँनी महिला क्लब केवल सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना भी क्लब की प्राथमिकता है। बच्चों और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। क्लब भविष्य में भी इस दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।
कार्यक्रम में क्लब की संरक्षक डॉ. प्रभा जोशी, गीता चंद एवं लीला तिवारी, उपाध्यक्ष हेमा जोशी, सचिव पुष्पा मुरारी, उपसचिव दीप्ति चंद, कोषाध्यक्ष पूनम गरकोटी, उपकोषाध्यक्ष रेनू चंद, मीडिया प्रभारी ऋचा भट्ट, सह मीडिया प्रभारी आशा पुजारी एवं ज्योत्स्ना खर्कवाल, रेखा चंद, ममता चंद, राजेश्वरी, सीमा तिवारी, नंदा धामी एवं क्लब की अन्य महिला सदस्य मौजूद रहीं।
More Stories
आषाढ़ी मेले की बग्वाल में केवल अधिकृत लोग ही लें भाग, बाराही शक्तिपीठ न्यास के अध्यक्ष ने बाहरी लोगों से परंपराओं में हस्तक्षेप न करने की अपील
मुख्यमंत्री धामी द्वारा युवा आयोग के गठन के ऐलान का भाजयुमो ने किया स्वागत, आयोग गठन को लेकर मुख्यमंत्री का जताया आभार
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चम्पावत परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन