
गूंज, चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सैलानीगोठ में इन दिनों गुलदार की लगातार हलचल से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आलम यह है कि शाम होते ही ग्रामीण घरों में कैद होने को मजबूर हैं। गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों को अपने परिजनों के साथ ही मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। वहीं, इसका असर लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या पर भी पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सैलानीगोठ की नई बस्ती स्थित मंदिर परिसर में गुलदार की हलचल दिखाई दी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार की गतिविधियां कैद हो गईं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता के चलते लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। कई ग्रामीण कामकाज के सिलसिले में देर रात तक घर लौटते हैं, ऐसे में उन्हें रास्ते में गुलदार के हमले का भय सता रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस डर के कारण उनकी सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द प्रभावी कदम उठाकर ग्रामीणों को गुलदार की दहशत से राहत दिलाने की अपील की है।
More Stories
107.35 करोड़ रुपये से संवर रहा शारदा घाट, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर होंगी सुविधाएं
जिला स्तरीय अंडर – 19 क्रिकेट प्रतियोगिता का लोहाघाट बना विजेता, फाइनल मुकाबले में टनकपुर को दी शिकस्त
उत्तराखण्ड के एक विधायक ने जान का खतरा बताते हुए की सुरक्षा की माँग, राज्यपाल को लिखा पत्र, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप