
गूंज, उधम सिंह नगर। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के पांचवें दिन विधायक तिलक राज बेहड़ ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 97 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनसंवाद के दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए खाद संकट, भ्रष्टाचार, महंगाई और स्मार्ट मीटर से बढ़ते बिजली बिलों को लेकर गंभीर सवाल उठाए। विधायक बेहड़ ने गिधपुरी, वीरू नगला, छिनकी, सैंजना, कुरैया और चकोनी सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्राम वीरू नगला में करीब 80 लाख रुपये की लागत से 1500 मीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा वीरू नगला में 4.98 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, छिनकी में 5 लाख रुपये से पुलिया निर्माण, कुरैया में 1.68 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क तथा चकोनी में शिव मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से पैरापिट वॉल निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि गिधपुरी सहित आसपास के गांवों से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव है। वह क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहे हैं और जनता ने भी उन्हें निरंतर अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में छोटी सड़कों के साथ-साथ बड़े विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दरऊ मुख्य मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है। भविष्य में सड़क चौड़ीकरण के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। किच्छा में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की नई बिल्डिंग स्वीकृत कराई गई है, जिससे छात्राओं को इंटरमीडिएट तक बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं पांच करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र में अस्पताल निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है। विधायक ने कहा कि जिला पंचायत के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों का बंटवारा किया गया है, ताकि प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ समान रूप से पहुंच सके।
खाद संकट पर सरकार को घेरा
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए बेहड़ ने कहा कि प्रदेश में लूटपाट और भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ है। किसान बुवाई के महत्वपूर्ण समय में खाद के लिए भटक रहे हैं। खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों के सामने फसलों की बुवाई का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसानों को समय पर खाद ही नहीं मिल पा रही है तो उनकी आय दोगुनी करने के सरकार के दावों का क्या औचित्य है।
स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों पर उठाए सवाल
विधायक बेहड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में बढ़ोतरी हुई है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि यदि स्मार्ट मीटर आम जनता की सुविधा के लिए लगाए जा रहे हैं तो फिर उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं।
कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
बेहड़ ने चुनाव के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनके साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में उचित कार्रवाई करने के बजाय मामूली धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि जब पुलिस की मौजूदगी में जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस दौरान किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, सरवर यार खां, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, सर्वेश सिंह, मेजर सिंह, दलजीत खुराना, विजय यादव, धर्मेंद्र सिंधी, सुखदेव सिंह, हरीश खानवानी, राजेंद्र प्रधान, भानु, तौकीर, अजीम, मुक्त्यार अहमद, किशनलाल, किशन मखीजा, कन्हैया लाल, परमजीत सिंह, शुभम सुखीजा, जाकिर अली, अशोक बागवानी, सुखविंदर सिंह और हरविंद्र सिंह सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
More Stories
उत्तराखण्ड के एक विधायक ने जान का खतरा बताते हुए की सुरक्षा की माँग, राज्यपाल को लिखा पत्र, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टनकपुर महाविद्यालय का दबदबा, पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा, हर्षवर्धन सिंह बोरा बने बेस्ट एथलीट ऑफ द टूर्नामेंट
राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में भारत बोध IKS 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा का किया गया आयोजन