राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में नशे के दुष्परिणामों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, तीन लघु फिल्मों के प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश

Advertisement

गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में उच्च शिक्षा निदेशालय उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से उपलब्ध कराई गई 60-60 सेकंड की तीन लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन एवं भविष्य का निर्माण करना चाहिए।

नशामुक्ति कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति पंत ने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशे के विरुद्ध जागरूकता और सामूहिक प्रयास बेहद आवश्यक हैं।

परीक्षा प्रभारी प्रोफेसर आशुतोष ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति समर्पित रहने की अपील की। वहीं एनएसएस प्रभारी डॉ. किरन ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, सेवा भावना और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। नशामुक्त समाज का निर्माण भी इसी सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहीं हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निशा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना भी है। उन्होंने नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

मुख्य शास्ता प्रो. खान ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. गोविंद सिंह बोरा, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. विजय, डॉ. ब्रह्मानंद, डॉ. अविनाश, डॉ. पूनम, डॉ. चेतन, डॉ. मीनाक्षी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ओझा, डॉ. फरजाना, आरती सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें