शक्ति प्रदर्शन करने पहुंची कांग्रेस, मगर सामने आई गुटबाजी; प्रदेश प्रभारी शैलजा के सामने विधायक अधिकारी और मुन्ना ढेक के बीच धक्का-मुक्की, मुन्ना ढेक ने कांग्रेस नेताओं पर लगाए आरोप

Advertisement
  • शक्ति प्रदर्शन करने पहुंची कांग्रेस, मगर सामने आई गुटबाजी; प्रदेश प्रभारी शैलजा के सामने विधायक और मुन्ना ढेक के बीच धक्का-मुक्की
  • मुन्ना ढेक ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं कर लगाए बात न सुनने के आरोप

गूंज, चम्पावत। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस पार्टी के भीतर आपसी खींचतान अब सार्वजनिक रूप से सामने आने लगी है। बुधवार को लोहाघाट में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा के दौरे के दौरान आयोजित जनसभा के बाद पार्टी के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और कांग्रेस नेता मोहन सिंह ढेक उर्फ मुन्ना ढेक के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। प्रदेश प्रभारी समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को फिर चर्चा में ला दिया।

मुन्ना ढेक ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी द्वारा 500-500 ₹ देकर भीड़ जुटाने का प्रयास किया बावजूद इसके विधायक से ज्यादा उनके समर्थक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। ढेक यह कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शैलजा, सह प्रभारी यादव ने भी विधायक के खिलाफ कुछ भी सुनने से इंकार कर दिया।

दरअसल, कांग्रेस की ओर से लोहाघाट में आयोजित कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता दिखाने के रूप में देखा जा रहा था। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, भुवन कापड़ी और प्रदीप टम्टा सहित कई नेता मौजूद रहे। लेकिन जनसभा के बाद हुए विवाद ने कार्यक्रम के राजनीतिक संदेश से अधिक पार्टी की अंदरूनी खींचतान को सुर्खियों में ला दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और मुन्ना सिंह ढेक के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान मुन्ना ढेक समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कुछ महिलाओं ने विधायक पर धक्का देने के आरोप भी लगाए। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

बता दें कि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं लंबे समय से होती रही हैं। एक ओर वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी का खेमा सक्रिय है, तो दूसरी ओर मुन्ना सिंह ढेक और चिराग फर्त्याल के समर्थकों का अलग समूह अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाता रहा है। दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व और संगठन में प्रभाव को लेकर मतभेद समय-समय पर सामने आते रहे हैं।

मंगलवार रात भी चिराग फर्त्याल के समर्थकों ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में ‘चिराग फर्त्याल जिंदाबाद’ और ‘विधायक मुर्दाबाद’ के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसके अगले ही दिन प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम के दौरान हुई धक्का-मुक्की ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को और उजागर कर दिया।

कार्यक्रम के बाद हुए घटनाक्रम में कुछ महिलाओं ने विधायक पर धक्का देने के आरोप लगाए। वहीं मुन्ना ढेक के समर्थकों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनने की चर्चा है। हालांकि, इस मामले में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।

इस राजनीतिक खींचतान के बीच क्षेत्र में विधायक की सक्रियता को लेकर भी कुछ स्थानीय लोगों की नाराजगी सामने आई है। लोगों का आरोप है कि विधायक गांवों में पर्याप्त दौरे नहीं करते और आम जनता की समस्याओं को अपेक्षित समय नहीं देते। हालांकि, ये स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए आरोप हैं, जिन पर विधायक का पक्ष भी महत्वपूर्ण होगा।

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के सामने लोहाघाट में आपसी मतभेदों को सुलझाने की चुनौती खड़ी होती दिखाई दे रही है। प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं के दौरे का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाना और संगठन को मजबूत करना था, लेकिन कार्यक्रम के बाद सामने आई गुटबाजी ने पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें