
गूंज, चम्पावत। टनकपुर के गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने 94.74 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 164/2024 के अंतर्गत होने वाले इस कार्य के लिए शासन की ओर से प्रथम किस्त के रूप में 56.844 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। इससे लंबे समय से सौंदर्यीकरण की प्रतीक्षा कर रहे गांधी मैदान के विकास का रास्ता साफ हो गया है।
नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि गांधी मैदान नगर का एकमात्र ऐसा प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां वर्षभर विभिन्न मेले, उत्सव, खेल प्रतियोगिताएं और अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। नगर के लोगों के लिए यह मैदान विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि से गांधी मैदान का समतलीकरण, सुरक्षा दीवार का निर्माण, रेलिंग और गेट लगाने के साथ ही घास लगाने तथा आकर्षक फैंसी लाइटों की व्यवस्था की जाएगी। इन कार्यों से मैदान की सुंदरता बढ़ने के साथ ही लोगों को बेहतर सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि गांधी मैदान का सौंदर्यीकरण टनकपुर के युवाओं, खिलाड़ियों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में आदर्श चम्पावत के विकास को नई गति मिल रही है।
More Stories
सौर रोशनी से जगमगाएगी टनकपुर की नायकगोठ ग्राम पंचायत, जिलाधिकारी की उपस्थिति में सोलर लाइट लगाने का कार्य हुआ शुरू
अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टनकपुर महाविद्यालय का दबदबा, पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा, हर्षवर्धन सिंह बोरा बने बेस्ट एथलीट ऑफ द टूर्नामेंट
राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में नशे के दुष्परिणामों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, तीन लघु फिल्मों के प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश