
गूंज, देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड-2025 से जुड़े कार्यों का भुगतान करीब 20-21 माह से लंबित होने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड के लोक कलाकार समूह पाण्डवाज़ ने अब मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर लंबित भुगतान दिलाने की गुहार लगाई है।
पाण्डवाज़ की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है कि समूह ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए थीम सॉन्ग तैयार किया था। इसके अलावा मशाल यात्रा के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां देने के साथ ही उद्घाटन समारोह में भी सहभागिता की थी। समूह के अनुसार दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में किए गए इन कार्यों के बिल सितंबर 2026 तक लंबित हैं।
समूह का कहना है कि भुगतान के लिए उन्होंने लगातार आधिकारिक स्तर पर प्रयास किए। इसके लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के साथ खेल विभाग, खेल मंत्री, संबंधित अधिकारियों और मुख्यमंत्री आवास स्थित हेल्पडेस्क से भी संपर्क किया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पाण्डवाज़ के अनुसार सीएम हेल्पलाइन पर की गई पहली शिकायत बिना समाधान के बंद कर दी गई, जबकि दोबारा शिकायत के बाद भी मामला लंबित है।
पाण्डवाज़ ने कहा कि विभाग की ओर से पहले बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए सहयोग का अनुरोध किया गया था। परिस्थितियों को समझते हुए उन्होंने सहयोग किया और अपनी जिम्मेदारी पूरी की, लेकिन अब भुगतान को लेकर संपर्क करने पर फोन और संदेशों का भी जवाब नहीं मिल रहा है।
समूह ने सवाल उठाया कि यदि अन्य कलाकारों और वेंडर्स का भुगतान किया जा चुका है तो पाण्डवाज़ का भुगतान अभी तक लंबित क्यों है। उन्होंने कहा कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने द्वारा किए गए कार्य का उचित भुगतान चाहते हैं।
पाण्डवाज़ ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने तथा लंबित भुगतान का निष्पक्ष और शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। समूह ने कहा कि वह आज भी उत्तराखंड में रहकर प्रदेश की लोकसंस्कृति और कला के लिए कार्य कर रहा है और सोशल मीडिया पर अपनी बात रखना उसकी इच्छा नहीं, बल्कि लगातार आधिकारिक प्रयासों के बावजूद सुनवाई न होने के कारण मजबूरी बन गया है।
More Stories
उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भारत-नेपाल सीमा पर बन रहे ड्राई पोर्ट सहित चार लेन सड़क का किया निरीक्षण
उत्तराखण्ड से राज्यसभा सांसद के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया प्रत्याशी
बनबसा-टनकपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम ने की चार बड़ी घोषणाएं