जिला स्तरीय अंडर – 19 क्रिकेट प्रतियोगिता का लोहाघाट बना विजेता, फाइनल मुकाबले में टनकपुर को दी शिकस्त

Advertisement

गूंज, चम्पावत। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड के सौजन्य एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय चम्पावत द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय अंडर-19 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में खेला गया। फाइनल मुकाबला टनकपुर एवं लोहाघाट की टीमों के बीच खेला गया।

टॉस जीतकर लोहाघाट की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। लोहाघाट के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और टनकपुर की टीम को महज 69 रन पर ऑलआउट कर दिया। टनकपुर की ओर से समीर ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। वहीं, लोहाघाट की ओर से कार्तिक एवं प्रकाश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लोहाघाट की टीम ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। लोहाघाट की ओर से प्रकाश ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। टनकपुर की तरफ से निखिल ने 3 तथा विकास ने 2 विकेट लिए।

प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह जिला क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक लक्ष्मण सिंह पाटनी द्वारा किया गया। यह प्रतियोगिता जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। मुकाबले में निर्णायक की भूमिका अभिनव एवं नवीन ने निभाई।

इस अवसर पर स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, सूरज पांडे, प्रकाश सिंह, इमरान अली, आकाश, संजय नाथ, हीरा गिरी, दीपक एवं राकेश जोशी सहित अन्य खेलकर्मी उपस्थित रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें