
गूंज, चम्पावत। लोहाघाट के छमनिया स्टेडियम में आयोजित अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 में राजकीय महाविद्यालय टनकपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के छात्र हर्षवर्धन सिंह बोरा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट एथलीट ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया।
20 एवं 21 नवंबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय टनकपुर की टीम ने टीम मैनेजर डॉ. विमल जोशी के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में हर्षवर्धन सिंह बोरा ने 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया।
इसी क्रम में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्र अंकित नाथ ने 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बीए पंचम सेमेस्टर के छात्र अंकित सिंह ने 110 मीटर बाधा दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के छात्र मोहित पोखरिया ने गोला फेंक और चक्का फेंक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए।
महाविद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं टीम मैनेजर डॉ. विमल जोशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अब्दुल शाहिद खान ने भी टीम मैनेजर एवं सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ. विमल जोशी के कुशल नेतृत्व में मिली इस उपलब्धि के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया।
More Stories
उत्तराखण्ड के एक विधायक ने जान का खतरा बताते हुए की सुरक्षा की माँग, राज्यपाल को लिखा पत्र, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सौर रोशनी से जगमगाएगी टनकपुर की नायकगोठ ग्राम पंचायत, जिलाधिकारी की उपस्थिति में सोलर लाइट लगाने का कार्य हुआ शुरू
खाद संकट, स्मार्ट मीटर और भ्रष्टाचार को लेकर विधायक बेहड़ का सरकार पर तीखा हमला, बोले “किसान खाद के लिए भटक रहे, महंगाई और बढ़े बिजली बिलों ने गरीबों की बढ़ाई मुश्किलें”