
गूंज, चम्पावत। सोशल मीडिया पर अधिकारियों के नाम से फर्जी फेसबुक और ट्विटर (एक्स) आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने वाले साइबर आरोपी को चम्पावत पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि सिंह निवासी ग्राम अतरसण्ड, जनपद प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चम्पावत की पुलिस अधीक्षक की फेसबुक और ट्विटर पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से पैसों की मांग की थी। मामले में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट की तहरीर पर कोतवाली चम्पावत में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 56/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव अतरसण्ड, थाना कोहंडौर, जनपद प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में आरोपी का विभिन्न राज्यों में साइबर अपराधों से जुड़ा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हरियाणा के पंचकूला साइबर थाना, चंडीगढ़ के सेक्टर-17 साइबर थाना, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सदर थाने और तमिलनाडु के सालेम सिटी साइबर थाने में साइबर ठगी एवं फर्जी पहचान से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में भी उसके खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि या परिचित व्यक्ति की आईडी से रुपये मांगे जाने पर बिना पुष्टि किए धनराशि न भेजें। किसी भी तरह के वित्तीय लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें। फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
More Stories
उत्तराखण्ड के एक विधायक ने जान का खतरा बताते हुए की सुरक्षा की माँग, राज्यपाल को लिखा पत्र, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सौर रोशनी से जगमगाएगी टनकपुर की नायकगोठ ग्राम पंचायत, जिलाधिकारी की उपस्थिति में सोलर लाइट लगाने का कार्य हुआ शुरू
अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टनकपुर महाविद्यालय का दबदबा, पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा, हर्षवर्धन सिंह बोरा बने बेस्ट एथलीट ऑफ द टूर्नामेंट