राजनीतिक घमासान में बदला जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह, मंच पर तोड़ – फोड़ करते नजर आए धारचूला विधायक हरीश धामी, मुख्यमंत्री धामी को लेकर बोले कड़वे शब्द

Advertisement

गूंज, पिथौरागढ़। ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के पहले ही दिन राजनीतिक घमासान चरम पर पहुंच गया। धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मंच से सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर जमकर भड़ास निकाली।

कार्यक्रम के दौरान माइक बंद किए जाने से भड़के विधायक हरीश धामी ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सरकार पर तीखा हमला बोला। विधायक हरीश धामी ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए प्रशासन को खुली चुनौती दी और मंच से दो टूक कहा कि यदि प्रशासन गुंडागर्दी करेगा, तो वे सबसे बड़े गुंडे हैं। इस दौरान हरीश धामी माइक, कुर्सी सहित अन्य सामान फेंकते और साउंड सिस्टम पर कार्य करने वाले व्यक्ति पर हमलावर होते हुए भी नजर आए। विधायक हरीश धामी की आक्रामक होता देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मंच पर तोड़ – फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान व्यवस्था संभालने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अन्य राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को मंच पर उचित स्थान क्यों नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि लोग भले ही आपको धाकड़ धामी कहते हों, लेकिन असल में आप डरपोक और भगोड़ा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में जनता से की गई घोषणाएं आज तक पूरी तरह अधूरी पड़ी हैं और शासन-प्रशासन स्तर पर स्थानीय विधायक की बात तक नहीं सुनी जा रही है। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री से पहले के विधायक हैं और वर्ष 2027 में वे इस पद पर नहीं रहेंगे। उन्होंने खुली चुनौती दी कि मुख्यमंत्री जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वह उनके खिलाफ जाकर विरोध में प्रचार करेंगे। अपने संबोधन में उन्होंने मुख्यमंत्री को चोर तक कह डाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन किया।

हैरानी की बात यह रही कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद भी विधायक हरीश धामी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार उन्हें भगोड़ा बताते रहे। मेले के पहले ही दिन हुए इस तीखे सियासी हंगामे ने सीमांत क्षेत्र की राजनीति में हलचल मचा दी है।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें