जनजाति गौरव दिवस पखवाड़े पर महाविद्यालय में हुईं प्रश्नोत्तरी एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, स्लोगन प्रतियोगिता में राधिका और प्रश्नोत्तरी में ज्योति बोरा व बबली की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

Advertisement

गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में जनजाति गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत 12, 13 एवं 14 नवंबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर जनजातीय संस्कृति, इतिहास और विरासत के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की। कार्यक्रम के तहत जनजातीय समाज की संस्कृति, इतिहास एवं विरासत पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा स्लोगन एवं टैगलाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक पहचान और विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।

स्लोगन प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की राधिका ने प्रथम, कीर्ति सक्सेना ने द्वितीय तथा जिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीएससी की ज्योति बोरा एवं बीए तृतीय सेमेस्टर की बबली की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिया ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की तनुजा कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निशा ने किया। इस अवसर पर मुख्य शास्ता प्रोफेसर खान, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर एमएस चौहान, डॉ. गोविंद सिंह बोरा, डॉ. ओली, डॉ. अविनाश, डॉ. चेतन, डॉ. विजय, डॉ. ब्रह्मानंद, डॉ. पूनम, डॉ. मीनाक्षी एवं स्वाति पंत उपस्थित रहे। सभी प्राध्यापकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय इतिहास और महान विभूतियों के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति एवं परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें