भाई की हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को दौड़ाया, आरोपी गिरफ्तार, डायल 112 पर गला काटकर हत्या किए जाने की दी थी सूचना

Advertisement

गूंज, चम्पावत। डायल 112 पर अपने भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की झूठी सूचना देकर पुलिस एवं अन्य विभागों को गुमराह करने के आरोप में लोहाघाट पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच में हत्या की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। आरोपी ने न केवल पुलिस को गुमराह किया, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के महत्वपूर्ण संसाधनों को भी अनावश्यक रूप से व्यस्त रखा।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर की रात करीब 9:19 बजे नवल किशोर पुजारी पुत्र स्वर्गीय त्रिलोचन पुजारी, निवासी ग्राम सुई खेशकाण्डे, थाना लोहाघाट ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसके भाई की किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। कॉलर ने दावा किया कि उसने खुद घटना होते हुए देखी है और वह हत्यारे को भी पहचानता है। हत्या जैसी गंभीर सूचना मिलते ही थाना लोहाघाट पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, 108 एंबुलेंस, फील्ड यूनिट और साइबर सेल की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले की जांच और पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस व्यक्ति की हत्या किए जाने की सूचना दी गई थी, वह वास्तव में लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था। पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उसकी कुशलता की पुष्टि की। इसके बाद हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक साबित हुई।

पुलिस ने आपातकालीन सेवाओं को गुमराह करने, सरकारी संसाधनों को अनावश्यक रूप से व्यस्त करने और आमजन में भय एवं सनसनी फैलाने के आरोप में सूचना देने वाले नवल किशोर पुजारी को धारा 172 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया।

चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें। झूठी या भ्रामक सूचना देकर पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को गुमराह करना दंडनीय कृत्य है। पुलिस ने कहा कि किसी की एक झूठी सूचना के कारण वास्तविक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है। इसलिए आपातकालीन सेवाओं का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें