गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय पाटी में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री सुमन लता, ब्लॉक प्रमुख पाटी, ने शिरकत की। उन्होंने महाविद्यालय को सरस्वती प्रतिमा भेंट की, जिसका अनावरण उनके कर-कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार पांडे ने की। इस मौके पर महाविद्यालय के भूमि दानदाता, संघर्ष समिति सदस्य, स्थानीय समुदाय, भूतपूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, अभिभावक संघ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्राचार्य द्वारा वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की गई एवं उन्होंने वार्षिकोत्सव की रूपरेखा समझाते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभाओं को मंच देना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, भारत दर्शन ग्रुप डांस, पहाड़ी व पंजाबी नृत्यों सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके पश्चात वार्षिक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक पुरस्कारों का वितरण हुआ। छात्र वर्ग में नरेंद्र सिंह लड़वाल एवं छात्रा वर्ग में निकिता मेहता को क्रीड़ा चैंपियन घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ नृत्यांगना के पुरस्कार कविता बोहरा और पलक पचौली को प्रदान किए गए, वहीं मेधावी छात्राओं के रूप में हिमानी एवं तनुजा मेहता को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. धर्मवीर सिंह ने किया तथा आयोजन की रूपरेखा संयोजिका सुश्री सपना द्वारा तैयार की गई। विजेताओं को पुरस्कार प्राचार्य, मुख्य अतिथि सुश्री सुमन लता एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. के.के. मिश्रा द्वारा वितरित किए गए।
समारोह में कनिष्ठ सहायक भगवती, जीवन राम, मनोज राम, राहुल सिंह मेहता, लक्ष्मण सिंह बिष्ट एवं शंकर लाल सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।