गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय पाटी में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार पांडे द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की स्मृति दिलाते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान की नोडल अधिकारी हिना परवीन ने सभी छात्र-छात्राओं व स्टाफ को नशा न करने एवं समाज को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशा को समाज के लिए एक अभिशाप बताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की।
वहीं, डॉ. धर्मवीर सिंह ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत निशुल्क कंप्यूटर कोर्स के बारे में जानकारी दी और छात्राओं को इसमें भाग लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को सशक्त बनाना देश को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का संचालन सपना ने किया
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।